गौतमबुद्धनगर लोकसभा चुनाव-2024-  करोड़पति प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला

करोड़पति प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला
करोड़पति प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 83.82 करोड़ है। सपा-कांग्रेस गठबंधन उम्मीदवार डॉक्टर महेंद्र नागर की कुल संपत्ति 8.76 करोड़ वही बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी की संपत्ति करीब 8.83 करोड़ है

Vision Live/Greater Noida

गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर करोड़पति प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला हो रहा है।  चुनावी दंगल में ताल ठोंकने वाले तीन प्रमुख दलों के प्रत्याशी करोड़पति हैं। ऐसे में चुनाव में पैसे का जमकर उपयोग होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा  सकता है। आम मतदाताओं के अलावा चुनाव आयोग की भी इस चुनाव पर पैनी नजर रहेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 83.82 करोड़ है। सपा-कांग्रेस गठबंधन उम्मीदवार डॉक्टर महेंद्र नागर की कुल संपत्ति 8.76 करोड़ वही बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी की संपत्ति करीब 8.83 करोड़ है। हालांकि हाथ में नकदी के मामले में बसपा प्रत्याशी के स्वयं के पास 5 लाख, भाजपा प्रत्याशी के पास 1 लाख 63 हजार और सपा-कांग्रेस गठबंधन के पास 1 लाख रुपए है।

प्रत्याशी करोड़पति
प्रत्याशी करोड़पति

डॉ. महेश शर्मा 2019 में थे 47.87 करोड़ के मालिक अब 83.82 करोड़

भाजपा से लोकसभा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा और उनकी पत्नी डॉ. उमा शर्मा के पास करीब 83.82 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति हैं। इसमें से डॉ. महेश शर्मा के पास चल-अचल संपत्ति करीब 58.68 करोड़ रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के नाम 25.14 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। 2019 में दंपती के पास 47.87 करोड़ रुपये संपत्ति थी। वहीं 2014 में कुल संपत्ति 44.49 करोड़ रुपए थी।

डॉ. महेश शर्मा
डॉ. महेश शर्मा

डॉ. महेश के पास 7 मकान हैं। नोएडा के सेक्टर-15ए में एक, सेक्टर-19 में चार, नोएडा सेक्टर-27 में एक व दिल्ली के न्यू अशोक नगर में एक मकान है। 2019 में इसकी संख्या 6 थी, लेकिन 2024 में इसमें एक मकान का इजाफा हुआ है। महेश शर्मा ने एक नया मकान सी 481 सेक्टर 19 में खरीदा है। नामाकंन में दिए ब्यौरे में भाजपा प्रत्याशी और उनकी पत्नी के पास तीन वाहन बताए गए हैं। भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के नाम टोयोटा फारचूनर कार है। जिसकी कीमत 40 लाख रुपये है। पत्नी के नाम टोयोटा इनोवा और मारुति जिप्सी आदि हैं। इनकी कीमत 30.77 लाख रुपये है। कुल कीमत करीब 70.77 लाख रुपये हैं। डॉ. महेश शर्मा को जेवरात का शौक है। इनके पास 4.64 लाख रुपये के जेवरात हैं। इनमें पांच तोला सोना व 25 तोला चांदी व अन्य शामिल हैं। पत्नी के पास 37.07 लाख रुपये के जेवरात हैं, जिसमें 44 तोला सोना, 100 तोला चांदी व अन्य शामिल हैं। इसमें एक खास बात है कि 2019 में भी भाजपा प्रत्याशी रहे डा. महेश शर्मा और उनकी पत्नी ने जेवरात का यही ब्यौरा नामाकंन में लिखा था।

बसपा प्रत्याशी 8.83 करोड़ संपत्ति के मालिक

राजेंद्र सोलंकी
राजेंद्र सोलंकी

बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी की कुल संपत्ति 8.83 करोड़ रुपए है। इसमें इनकी स्वयं की संपत्ति 5.78 करोड़ और पत्नी 3.05 करोड़ है। बसपा प्रत्याशी की आय का एक मात्र साधन पेंशन है। जिसके जरिए इनकी वार्षिक आय 3.46  लाख जबकि पत्नी की वार्षिक आय 12.60 लाख है। राजेंद्र सोलंकी की अचल संपत्ति 5.44 करोड़ जबकि पत्नी के पास 3 करोड़ की अचल संपत्ति है। इन दोनों के पास कोई जेवरात नहीं है, केवल एक कार है। बसपा प्रत्याशी एमए पास है। उनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है।

डॉ. महेन्द्र नागर के पास 8.75 करोड़ की संपत्ति

डा0 महेंद्र नागर
डा0 महेंद्र नागर

समाजवादी पार्टी-कांगे्रस गठबंधन प्रत्याशी डॉ. महेन्द्र नागर के पास कुल संपत्ति 8.76 करोड़ की है। इसमें डॉ. महेंद्र नागर की स्वयं की संपत्ति 3 करोड़ 81 लाख 21 हजार 550 है, जिसमें मोटर यान, जेवरात, एलआईसी पॉलिसी, शेयर, बैंक खाता में जमा और नगदी शामिल है। डॉ. महेन्द्र नागर के ऊपर बैंक से 19 लाख रुपये का ऋण बकाया है। स्थायी संपत्ति यानी अचल  संपत्ति 2 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपये आंकी गयी है। महेन्द्र नागर की पत्नी पुष्पा नागर की चल संपत्ति 63 लाख 1 हजार 644 है। इनकी अचल संपत्ति  1 करोड़ 79 लाख, स्वत: से अर्जित की गयी सम्पत्ति में 10 लाख रुपये आंकी गयी है। गौतमबुद्घनगर लोकसभा क्षेत्र में इन्हीं तीन करोड़पति प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इनमें से कौन करोड़पति प्रत्याशी बाजी मारेगा इसका सभी को बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate

can't copy

×