गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नही

गर्मी के चलते सब परेशान
गर्मी के चलते सब परेशान

लू के इस प्रकोप से 19 जून तक राहत के आसार नहीं

Vision Live/New Delhi

दिल्ली में इस समय गर्मी के चलते सब परेशान हैं। मई की तरह जून भी उतना ही तप रहा है। अधिकतम पारा 47 डिग्री के पार जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि अभी मॉनसून दूर है और इसके जून के अंतिम सप्ताह में दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। दिल्ली में बीते तीन दिनों से चल रही लू का प्रकोप गुरुवार को भी जारी रहा। पीतमपुरा और पूसा में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि लू के इस प्रकोप से 19 जून तक राहत के आसार नहीं हैं। तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 18 से 58 प्रतिशत तक रहा। सबसे गर्म इलाकों में पीतमपुरा का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री, पूसा का 47.2 डिग्री, रिज का 46.3 डिग्री, आया नगर का 46.4 डिग्री, फरीदाबाद का 46.8 डिग्रीए जाफरपुर का 46.6 डिग्री, नोएडा का 46.7 डिग्री, पालम का 45.8 डिग्री, लोदी रोड का 45.4 डिग्री, गुरुग्राम का 45.8 डिग्री, नजफगढ़ का 45.1 डिग्री, नरेला का 45.3 डिग्री, मयूर विहार का 45.2 डिग्री रहा। पूर्वानुमान के अनुसार, आज शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर लू का प्रकोप रहेगा। जमीनी सतह पर तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रह सकता है।

गर्मी
गर्मी

15 जून को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 30 डिग्री रह सकता है। आसमान साफ रहेगा। कई जगहों पर लू चलेगी। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके बाद 16 से 19 जून तक अधिकतम तापमान 45 से 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 से 31 डिग्री तक रह सकता है। लू का प्रभाव बना रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी। इस समय गर्मी काफी अधिक चल रही है। चिलचिलाती गर्मी से लोगों का जीना मुहाल है। रात में भी गर्मी और उमस पीछा नहीं छोड़ रही है। इस गर्मी से फिलहाल राहत मिलने वाली नहीं है। अगले हफ्ते से गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। कुछ जगहों पर तापमान सामान्य से 7 से 8 डिग्री अधिक बना हुआ है। अब एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर आने की संभावना बन रही है। दक्षिण पश्चिम राजस्थान पर मध्यम स्तर का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। पंजाब और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है। दिल्ली इसकी पहुंच से थोड़ी दूर है, इसलिए यहां आंधी की संभावना कम है। अगले चार से पांच दिनों में राजधानी में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। 19 जून या इसके भी बाद थोड़ी बहुत आंधी या बारिश की संभावना है। यह गर्मी से राहत देने के लिए काफी नहीं होगी। संभावना है कि इस महीने के आखिर तक लोगों को गर्मी से ऐसे ही जूझना पड़ेगा। मॉनसून जून के आखरी दिनों तक पहुंचने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate

can't copy

×