
माँ से चल रहा था संपत्ति विवाद, अपनी जान का खतरा बताया
अधिवक्ता अनुराग भाटी ने थाना फेस 1, सेक्टर 5 हरौला पुलिस को FIR दर्ज करने हेतु लिखित शिकायत दी
Mohammad Ilyas-Dankauri/ Greater Noida
गौतमबुद्धनगर से इस वक्त की एक बडी खबर सामने आ रही है। नोएडा अथॉरिटी में सन 1978 में सीईओ रहे रिटायर्ड आईएएस अधिकारी स्वर्गीय सुशील चंद्र त्रिपाठी की सबसे छोटी पुत्री रति त्रिपाठी दिनांक 26.03.2024 से लापता है । यह जानकारी रति त्रिपाठी के अधिवक्ता अनुराग भाटी ने दी। उन्होंने बताया कि रति त्रिपाठी का अपनी माँ किरण त्रिपाठी से संपत्ति की बाबत विवाद चल रहा था, जिसके चलते उनकी पुत्री ने अपनी माँ से अपनी जान का खतरा बताया था ,जिसके लिए वह न्यायलय में केस दर्ज करने के लिए अपनी अधिवक्ता से मिलने नोएडा आयी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1978 में नोएडा अथॉरिटी में सीईओ रहे स्वर्गीय सुशील चंद्र त्रिपाठी की मई 2021 में कोरोना के चलते मृत्यु हो गयी थी, जिसके पश्चात अमेरिका में नौकरी कर रही उनकी सबसे छोटी पुत्री रति त्रिपाठी पिछले साल नोएडा आयी थी। नोएडा में आकर उन्होंने अपनी माँ से संपर्क किया और अपने पिता की संपत्ति की जानकारी मांगी तो उनकी माँ के साथ उनका विवाद हो गया। जिसके पश्चात रति त्रिपाठी मुंबई चली गयी। उन्होंने बताया कि उनकी माँ ने कुछ लोगो के साथ उनपर हमला भी कराया था, जिसके पश्चात उन्होंने अपने अधिवक्ता से संपर्क किया ।

अधिवक्ता अनुराग भाटी ने बताया कि रति का अपनी माँ से संपत्ति विवाद चल रहा था, रति के पिता अपनी शेयर , म्यूच्यूअल फंड्स , कुछ फ्लैट्स एवं अन्य संपत्ति वसीयत के जरिये अपनी पुत्री के नाम पर कर गए थे, जिसकी वजह से उसकी माँ खफा था और वसीयत अपनी पुत्री से छिपा रही थी। जिसके चलते उन्होंने माँ को लीगल नोटिस भी भेजा था। दिनांक 24.03.2024 को रति त्रिपाठी अपने माँ के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर कोर्ट में वाद दायर करने नोएडा सेक्टर 15A आयी हुई थी। अगले दिन रति त्रिपाठी ने अपने अधिवक्ता से फोन करके बताया कि उनकी माँ उनको पुलिस की मौजूदगी में जबरन किसी अस्पताल में भेज रही है।
इस सम्बन्ध में जब सेक्टर 15A चौकी इंचार्ज से जानकारी मांगी गयी तो उन्होंने बताया कि उनको कुछ जानकारी नहीं है। वही जब मौके पर मौजूद महिला पुलिस पल्लवी से जानकारी मांगी तो उन्होंने बताया कि वह माँ बेटी को घर पर छोड़ कर आ गयी थी। इस बारे में जब किरण त्रिपाठी से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
नोएडा अथॉरिटी में सीईओ रहे सुशील चंद्र त्रिपाठी

अधिवक्ता के अनुसार रति ने बताया था की उसके पिता मृत्यु से पहले अपनी वसीयत में उसका नाम लिख कर गए थे, जिसकी वजह से उसकी माँ गुस्से में थी और कुछ भी रति को देना नहीं चाहती थी। जिसके लिए रति अपनी माँ के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज करने आयी थी ,परन्तु उसकी माँ उसको बीमार बताकर उसको कही अनजान जगह पर नजरबन्द कर दिया गया है और उसकी जान को खतरा बना हुआ है। 26 मार्च 2024 से ही रति त्रिपाठी लापता है और उनके फोन भी बंद आ रहे है, साथ ही उनकी माँ भी फोन नहीं उठा रही है ।

नोएडा अथॉरिटी में सीईओ रहे सुशील चंद्र त्रिपाठी पूर्व में भारत सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार मंत्रालय में सेक्रेटरी भी रह चुके है। अधिवक्ता अनुराग भाटी ने विजन लाइव को बताया कि उन्होंने थाना फेस 1, सेक्टर 5 हरौला पुलिस को FIR दर्ज करने हेतु लिखित में शिकायत दे दी है और जल्द ही न्यायलय में भी मुकदमा दर्ज कराएँगे ।