पुलिस महानिदेशक (कारागार) का औचक निरीक्षण, महिला बैरक से लेकर भोजन गुणवत्ता तक की गहन समीक्षा


मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/गौतमबुद्धनगर

उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक पी.सी. मीना (आईपीएस) द्वारा जिला कारागार गौतमबुद्धनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य द्वार पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनका स्वागत पुलिस उपमहानिरीक्षक, कारागार मेरठ परिक्षेत्र सुभाष चंद्र शाक्य (आईपीएस) एवं जिला कारागार अधीक्षक बृजेश कुमार द्वारा किया गया।


महिला बैरक का निरीक्षण व संवाद

पी.सी. मीना ने सबसे पहले महिला बैरक का निरीक्षण किया और वहां निरुद्ध बंदियों – पिंकी, प्रीति गुप्ता, हेमा तोमर एवं विदेशी बंदी अकीमोवा से संवाद किया। सभी ने जेल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवहार पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को बिस्कुट, चिप्स व अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।


कौशल विकास केंद्र में बंदियों की प्रतिभा का प्रदर्शन

इसके पश्चात उन्होंने जेल परिसर में संचालित कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण किया, जहां बंदियों को सिलाई, हेयर कटिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण सहित विभिन्न कलात्मक गतिविधियों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। बंदियों द्वारा “दिल है हिंदुस्तानी” थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई, जिसकी उन्होंने सराहना की।


जैविक उत्पादन पर बल, जेल ब्रांडिंग की तैयारी

जेल परिसर में वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन और मधुमक्खी पालन से तैयार शहद उत्पादन का भी अवलोकन किया गया। डीजी ने निर्देश दिए कि इन उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए “जेल ब्रांड” के तहत स्थानीय बाजार में बिक्री की दिशा में कार्य किया जाए।


पौधरोपण के साथ हरित पहल

निरीक्षण के दौरान पी.सी. मीना द्वारा सफेद चंदन का पौधरोपण किया गया, जबकि सुभाष चंद्र शाक्य ने बहेड़ा का पौधा लगाया। यह पहल जेल परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।


भोजन व चिकित्सालय सुविधाओं का जायजा

निरीक्षण के अंतर्गत सर्किल नंबर-2 एवं पाकशाला का भी दौरा किया गया, जहां बंदियों के लिए आलू-भिंडी की सब्जी, अरहर की दाल, चावल व रोटी का भोजन तैयार किया जा रहा था। डीजी और डीआईजी द्वारा भोजन का स्वयं स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता को “उत्तम” बताया गया।

कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण हुआ, जहां भर्ती बंदियों से चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली गई। सभी ने आवश्यक दवाएं समय से मिलने और इलाज में संतोष जताया।


सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था संतोषजनक

कारागार के कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली जांची गई, जो पूर्णतया सक्रिय पाई गई। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से भी उनकी समस्याएं जानने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने कोई शिकायत नहीं की।


उपस्थित अधिकारी

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक बृजेश कुमार, उपाधीक्षक राजीव कुमार सिंह, जेलर संजय कुमार शाही एवं राजेश कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate

can't copy

×