
रंजिश के चलते मनप्रीत ने अपने साथी कुलदीप सिंह के साथ मिलकर दिलदार सिंह के करीबी तीरथ सिंह की हत्या कर दी
Vision Live/Greater Noida
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और मेरठ पुलिस के संयुक्त अभियान में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई मंगलवार को मेरठ जिले के थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में नहर के पास स्थित बस स्टैंड पर की गई। गिरफ्तार आरोपी लतीफपुर, थाना हस्तिनापुर, मेरठ का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। मनप्रीत सिंह पर हत्या के गंभीर आरोप हैं और मेरठ पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गांव की प्रधानी बनी रंजिश का कारण
पुलिस के मुताबिक, गांव की प्रधानी को लेकर मनप्रीत सिंह और दिलदार सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते मनप्रीत ने अपने साथी कुलदीप सिंह के साथ मिलकर दिलदार सिंह के करीबी तीरथ सिंह की हत्या कर दी।
दिलदार सिंह की हत्या की भी रच रहा था साजिश
पूछताछ में मनप्रीत ने खुलासा किया कि वह दिलदार सिंह की हत्या की साजिश भी रच रहा था। इसके लिए उसने इंदौर से अवैध हथियार खरीदे थे।
पुलिस का सराहनीय अभियान
एसटीएफ नोएडा और मेरठ पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। मनप्रीत सिंह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद है।