
मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित पत्रकार वार्ता आयोजित
गौतमबुद्धनगर भाजपा अध्यक्ष अभिषेक शर्मा और महानगर अध्यक्ष महेश चौहान की सशक्त भूमिका रही सराहनीय

मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/ग्रेटर नोएडा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस क्लब ग्रेटर नोएडा में एक विचारपरक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार की नीतियों, योजनाओं और उनके जमीनी प्रभाव पर प्रमुख नेताओं ने अपने विचार साझा किए।
राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह का ओजपूर्ण संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं गौतमबुद्धनगर जिला प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा:
“पिछले 11 वर्षों में देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नई ऊर्जा, नया आत्मविश्वास और अभूतपूर्व विकास देखा है। आज सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।”
उन्होंने गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की सफलता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. महेश शर्मा ने गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां
पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों की व्यापकता को रेखांकित करते हुए कहा:
“देश में चिकित्सा, बुनियादी ढांचा, डिजिटल क्रांति, पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में जो प्रगति हुई है, वह वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान को मजबूत कर रही है। मोदी सरकार की कार्यप्रणाली दूरदर्शी और जनहितकारी रही है।”
भाजपा जिला और महानगर अध्यक्षों की सशक्त भूमिका
इस संवादात्मक कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में गौतमबुद्धनगर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा:
“यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनसेवा के 11 वर्षों का मूल्यांकन और आने वाले संकल्पों की पुनः स्थापना है। भाजपा कार्यकर्ता हर वर्ग तक सरकार की नीतियों को पहुंचाने में जुटे हैं।”
वहीं भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा:
“मोदी सरकार की योजनाएं सिर्फ कागज़ों तक सीमित नहीं, बल्कि धरातल पर क्रियान्वित हो रही हैं। हमारे महानगर के कार्यकर्ता इसका प्रमाण हैं।”

अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, जिला मंत्री सतपाल शर्मा एडवोकेट, धर्मेंद्र कौरी, सुशील भाटी एडवोकेट सहित अनेक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
पत्रकारों के सवालों के उत्तर में वक्ताओं ने स्पष्टता और तथ्यों के साथ अपनी बात रखी। संवाद और सहभागिता के इस आयोजन ने सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का सशक्त मंच प्रदान किया।