
उच्च न्यायालय इलाहाबाद के माननीय न्यायमूर्ति अजीत सिंह ने जिला न्यायालय का किया स्थलीय निरीक्षण, परिवार न्यायालय भवन का किया अवलोकन एवं वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

✍️ मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी“/ गौतमबुद्धनगर
गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय में आज माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं प्रशासनिक न्यायमूर्ति, गौतमबुद्धनगर अजीत सिंह ने स्थलीय निरीक्षण एवं भ्रमण किया। उनके आगमन पर जिला जज मलखान सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह तथा जिलाधिकारी मेधा रुपम सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति अजीत सिंह ने नवनिर्मित परिवार न्यायालय भवन का गहन अवलोकन किया और कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, कोर्ट रूम और अन्य न्यायालयीन स्थलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने व्यवस्था को और बेहतर बनाने संबंधी सुझाव एवं निर्देश दिए।

इसके उपरांत माननीय न्यायमूर्ति ने न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव व कार्यकारिणी सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। बैठक में न्यायिक कार्यों की पारदर्शिता, त्वरित न्याय प्रदान करने तथा न्यायालयीन व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति अजीत सिंह ने दीवानी न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा न्यायालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम का समापन न्यायपालिका, प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने तथा न्याय व्यवस्था को अधिक सशक्त करने के संकल्प के साथ हुआ।