“ग्रासरूट्स क्रिकेट का भविष्य संवारने भारत पहुंचे एरोल मस्क, ड्रीम लीग ऑफ इंडिया का किया समर्थन”


—सर्वोटेक स्पोर्ट्स के साथ खेला फ्रेंडली मैच, युवा टैलेंट की सराहना की

मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/नई दिल्ली
भारत की धरती पर आज एक ऐतिहासिक लम्हा दर्ज हुआ, जब दुनिया के मशहूर टेक्नोलॉजी इनोवेटर एलन मस्क के पिता एरोल मस्क ने भारतीय ग्रासरूट्स खेलों को समर्थन देते हुए ड्रीम लीग ऑफ इंडिया (DLI) का समर्थन किया और सर्वोटेक स्पोर्ट्स के साथ एक दोस्ताना टेनिस क्रिकेट मैच भी खेला।

सिर्फ तकनीक ही नहीं, अब खेलों की दुनिया में भी मस्क परिवार की रुचि सामने आ रही है। एरोल मस्क ने न केवल बल्ला उठाया, बल्कि टेनिस बॉल क्रिकेट के इस क्रांतिकारी मंच को “खेल और टैलेंट को लोकतांत्रिक बनाने वाली पहल” बताया।

ड्रीम लीग ऑफ इंडिया: गांव-गांव से टीम इंडिया तक का सफर

मई 2025 में लॉन्च हुई ड्रीम लीग ऑफ इंडिया भारत की पहली ऐसी टेनिस क्रिकेट लीग है, जिसमें जूनियर (13-18) और सीनियर (18+) दोनों वर्गों के खिलाड़ी देशभर से हिस्सा ले सकते हैं। इस लीग के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को टेनिस क्रिकेट बॉल वर्ल्ड कप और एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

“दृष्टिकोण ने प्रभावित किया” – एरोल मस्क

फ्रेंडली मैच के बाद एरोल मस्क ने कहा, “मैं इस पहल से बहुत प्रभावित हूं। भारत जैसे देश में जहां युवा टैलेंट अपार है, वहां इस तरह की ग्रासरूट्स लीग बेहद जरूरी है। खेल को बड़े शहरों से निकालकर गांवों तक ले जाना ही असली बदलाव है।”

सर्वोटेक स्पोर्ट्स का विजन

सर्वोटेक स्पोर्ट्स के निदेशक ऋषभ भाटिया ने कहा, “एरोल मस्क का हमारे साथ जुड़ना और हमारे प्रयासों की सराहना करना हम सभी के लिए बहुत प्रेरणादायक है। उन्होंने हमारी टीम को बताया कि ड्रीम लीग ऑफ इंडिया जैसे प्रयास दुनिया भर में खेलों को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।”

ड्रीम लीग के मुख्य रणनीतिकार चेेतन्य नंदा ने कहा, “एरोल मस्क का समर्थन हमारी इस यात्रा को वैश्विक पहचान देगा। तकनीक और खेल का यह संगम भारत में स्पोर्ट्स को एक नया आयाम देगा।”

6 फ्रेंचाइज़ियां, 1500+ कोच, देशभर में ट्रायल

ड्रीम लीग ऑफ इंडिया में छह फ्रेंचाइज़ियां होंगी जो दोनों आयु वर्गों में खिलाड़ी चुनेंगी। देशभर में 1,500 से अधिक सर्टिफाइड कोच की निगरानी में खुले ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी लीग की आधिकारिक वेबसाइट या Starzpit App पर पंजीकरण कर सकते हैं।

उद्देश्य: पहचान और अवसर

इस लीग का मुख्य उद्देश्य है—देश के हर कोने से छिपे हुए टेनिस क्रिकेट टैलेंट को पहचानना और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाना। लीग इंटरनेशनल टेनिस क्रिकेट फेडरेशन (ITCF) से संबद्ध है, जिससे खिलाड़ियों को वैश्विक exposure भी मिलेगा।


👉 क्या है टेनिस क्रिकेट बॉल लीग?
एक ऐसा फॉर्मेट जो न सिर्फ भारत की गलियों, स्कूलों और मोहल्लों में खेला जाता है, बल्कि अब अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रहा है। और अब, जब एरोल मस्क जैसे नाम इसके साथ खड़े हैं—तो ये सिर्फ एक लीग नहीं, बल्कि एक आंदोलन बन सकता है।

Leave a Reply

Translate »