
मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/ ग्रेटर नोएडा
एजुकेशन कंसलटेंट आरिफ मुस्तफा खान ने बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के ग्रेटर नोएडा आगमन पर शिष्टाचार भेंट कर शिक्षा सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की। मुलाकात के दौरान उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं के कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रणाली पर गंभीर चर्चा हुई।
जीएनआईओटी (GNIOT) कॉलेज के संदर्भ में भी सकारात्मक संवाद हुआ, जिसमें इंडस्ट्री-एकेडमिक समन्वय, नवाचार, रिसर्च और विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

आरिफ मुस्तफा खान ने विजन लाइव न्यूज़ से बातचीत में बताया कि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान उनके पारिवारिक रिश्ते में चाचा भी लगते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा आगमन के अवसर पर उनसे शिक्षा, युवाओं के भविष्य, सामाजिक सरोकारों तथा अन्य ज्वलंत विषयों पर खुलकर चर्चा करने का अवसर मिला।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि नैतिक मूल्यों, ज्ञान और कौशल आधारित शिक्षा से ही राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
आरिफ मुस्तफा खान ने इस मुलाकात को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि नीति-निर्माताओं और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच निरंतर संवाद से ही शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

यह मुलाकात शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।