
प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी ने किया कार्यशाला का नेतृत्व, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने दी विस्तृत जानकारी

मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/गौतमबुद्धनगर
भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार को ज़िला कार्यालय, तिलपता गोलचक्कर पर वक्फ़ सुधार जन जागरण अभियान को लेकर एक पत्रकार वार्ता और जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सत्यपाल सिंह सैनी ने कहा कि पूर्व में वक्फ़ बोर्ड में पारदर्शिता का अभाव था। असली संपत्ति मालिकों से उनकी संपत्ति छीन ली जाती थी, और उनके पास कोई न्यायिक विकल्प नहीं होता था। वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा किए गए वक्फ़ सुधारों से अब पारदर्शी और न्यायसंगत प्रणाली सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन सुधारों से मुस्लिम समाज को कोई हानि नहीं होगी।
समाज के बीच संवाद बढ़ाने की पहल
सैनी ने बताया कि भाजपा मुस्लिम समाज की बस्तियों में छोटी-छोटी गोष्ठियों से लेकर बड़े स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। महिलाओं और युवाओं की विशेष भागीदारी के साथ यह अभियान समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।
जिले में 20 अप्रैल से 10 मई तक विशेष जन जागरण अभियान
जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने जानकारी दी कि 20 अप्रैल से 10 मई 2025 तक जिलेभर में यह जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। विपक्ष द्वारा वक्फ़ सुधारों को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को विवरणात्मक पत्रकों और युवा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान वक्फ़ अधिनियम की सच्ची जानकारी घर-घर पहुँचाने के लिए समर्पित है।

जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दी सक्रिय भागीदारी
जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर वक्फ़ अधिनियम की जानकारी पत्रक के माध्यम से देंगे, ताकि कोई भी नागरिक भ्रम में न रहे।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री मनोज गर्ग, धर्मेंद्र कोरी, देवा भाटी, दीपक भारद्वाज, कार्यक्रम संयोजक पवन रावल, सतेन्द्र नागर, कर्मवीर आर्य, राहुल पंडित, वीरेन्द्र भाटी, सत्यपाल शर्मा, गुरुदेव भाटी, अरुण शर्मा, सुनील भाटी, मुकेश चौहान, अर्पित तिवारी, मनोज शिसोदिया, गीता पंडित, सुशील भाटी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने मुस्लिम समाज से आग्रह किया कि वे इस जन जागरण अभियान में सहभागी बनें और भ्रांतियों से बचते हुए वक्फ़ सुधार की वास्तविकता को समझें।