जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में 11 फरवरी को भव्य दीक्षांत समारोह, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान होंगे मुख्य अतिथि
मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में आगामी 11 फरवरी को पीजीडीएम पाठ्यक्रम 2023–25 बैच के विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया जाएगा। यह समारोह संस्थान परिसर में शैक्षणिक गरिमा और उत्सवपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न होगा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर माननीय आरिफ मोहम्मद खान, राज्यपाल, बिहार मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। वे पीजीडीएम पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे तथा अपने प्रेरणादायक उद्बोधन के माध्यम से युवाओं को जीवन, नेतृत्व, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर मार्गदर्शन देंगे। राज्यपाल का संबोधन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और दिशा देने वाला सिद्ध होगा।
जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीजीडीएम 2023–25 बैच के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक कौशल में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सहयोग प्रदान किया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जीएनआईओटी की शिक्षा प्रणाली उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप और रोजगारोन्मुखी है।
उन्होंने आगे बताया कि जीएनआईओटी का पाठ्यक्रम डिज़ाइन केस-स्टडी आधारित लर्निंग, इंडस्ट्री इंटरफेस, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप, कॉर्पोरेट मेंटरशिप और स्किल-डेवलपमेंट पर केंद्रित है, जिससे विद्यार्थी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार होकर निकलते हैं।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार, इस बैच के विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ-साथ नवाचार, उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और अनुशासन के क्षेत्र में भी सराहनीय प्रदर्शन किया है। विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और प्रबंधन गतिविधियों में संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, निरंतर प्रयास और उज्ज्वल भविष्य की औपचारिक स्वीकृति का प्रतीक है। यह अवसर न केवल विद्यार्थियों बल्कि उनके अभिभावकों, शिक्षकों और संस्थान परिवार के लिए भी गर्व और हर्ष का विषय होगा।
संस्थान परिवार का विश्वास है कि यह दीक्षांत समारोह जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मूल्य-आधारित शिक्षण और उत्कृष्टता की परंपरा को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा आने वाले वर्षों में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।