
गौतमबुद्धनगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनोज चौधरी लोकसभा चुनाव से पूर्व ही भाजपा में हुए थे, शामिल

मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी” / गौतमबुद्धनगर
गौतमबुद्धनगर में जेवर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज चौधरी को भाजपा में बड़ी जिम्मेदारी मिलना तय माना जा रहा है। हाल ही में मनोज चौधरी को पार्टी हाई कमान ने लखनऊ दरबार बुलाया है और कई मुद्दों पर मंत्रणा भी की है। मनोज चौधरी ग्रेटर नोएडा शहर के महत्वपूर्ण और केंद्र बिंदु माने जाने वाले तुगलपुर गांव में स्वर्गीय चौधरी महेंद्र प्रधान के परिवार से आते हैं। मनोज चौधरी पूर्व में गौतमबुद्धनगर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। यही नहीं वे वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जेवर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं। भाजपा ने विपक्ष विहीन अपनी रणनीति के तहत सुरेंद्र सिंह नागर ,वेदराम भाटी, नरेंद्र सिंह भाटी समेत तमाम बड़े नेताओं को दूसरे दलों से अपने पाले में खींच लिया था। भाजपा की नजरे गौतमबुद्धनगर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष व विधानसभा प्रत्याशी मनोज चौधरी पर भी लगी हुई थी, मगर भाजपा अपने इस मिशन में सफल नहीं हो पा रही थी। मनोज चौधरी की कांग्रेस में भी राहुल गांधी से लेकर प्रियंका गांधी और यहां तक की सचिन पायलट तक से बेहद करीबियां किसी तरह कम नहीं थी। आखिर गौतमबुद्धनगर के सांसद व दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल नागर समेत कई बड़े नेता मनोज चौधरी को मनाने में कामयाब हुए। लोकसभा चुनाव के दौरान मनोज चौधरी ने कांग्रेस को बाय-बाय कहा और भाजपा में शामिल हो गए। नोएडा में संपन्न हुई भाजपा की चुनावी रैली में जिसमे की केंद्रीय मंत्री अमित शाह को आना था, वहां फूल माला डालकर मनोज चौधरी का भाजपाइयों ने स्वागत किया। राजनीतिक पंडितों की ओर से कहा जा रहा है कि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनोज चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी मिलना तय है। यह बड़ी जिम्मेदारी संगठन में मिलेगी अथवा फिर सरकार में अभी कुछ कहना थोड़ा मुश्किल है। वैसे संगठन के चुनाव में गौतमबुद्धनगर जिला अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर भी तूफान सा मचा हुआ है। करीब तीन दर्जन नेता जिला अध्यक्ष पद के लिए गौतमबुद्धनगर में दावेदारी कर चुके हैं। पार्टी हाई कमान गौतमबुद्धनगर भाजपा जिला अध्यक्ष पद का नाम घोषित करने में भी थोडा असहज दिखाई दे रहा है।

मनोज चौधरी को हाल ही में पार्टी हाई कमान ने लखनऊ दरबार बुलाया है और खासी मंत्रणा भी की है। इस बारे में “विजन लाइव” न्यूज ने पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनोज चौधरी से संपर्क किया तो उन्होंने इतना ही कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। यदि ऐसा कुछ होगा, तो जरूर बताया जाएगा।