बंगाल प्रो टी 20 लीग: “हार-जीत लगी रहती है, अगला सीजन होगा शानदार” – प्रियंका बाला

कोलकाता, — बंगाल महिला प्रो टी20 लीग 2025 में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स की टीम भले ही प्लेऑफ तक का सफर तय नहीं कर पाई, लेकिन कप्तान प्रियंका बाला की सकारात्मक सोच, आत्मविश्लेषण और अगली चुनौती के लिए प्रतिबद्धता ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।

लीग के समापन पर Vision Live News से खास बातचीत में प्रियंका ने ईमानदारी से स्वीकार किया कि टीम से उम्मीदें बहुत थीं, लेकिन कुछ अहम मौकों पर लय टूट गई।

“टीम का प्रदर्शन संतोषजनक रहा, पर कुछ निर्णायक पलों में हम चूके। लेकिन क्रिकेट में हार-जीत लगी रहती है। यह सीजन हमारे लिए सीखने का अवसर रहा और अगली बार हम बेहतर तैयारी के साथ उतरेंगे,” प्रियंका ने आत्मविश्वास से कहा।

“कोई बहाना नहीं, जिम्मेदारी हमारी है”

जब उनसे यह पूछा गया कि टीम की रेस क्यों धीमी पड़ी, तो प्रियंका ने कप्तान की जिम्मेदारी निभाते हुए कहा,

“कोई बड़ी कमी नहीं थी, लेकिन कुछ जरूरी मौकों पर हम प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सके। हमारी फ्रेंचाइज़ी ने हर संभव सहयोग दिया। हमें जो चाहिए था, सब मिला। लेकिन हम उन्हें वह नहीं दे पाए जिसकी उम्मीद उन्होंने हमसे की थी।”

टीम स्पिरिट और सपोर्ट स्टाफ की तारीफ

प्रियंका ने टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ के योगदान की सराहना करते हुए कहा,

“मैनेजमेंट का रवैया बहुत सहयोगी रहा। टीम का माहौल बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक था। बतौर कप्तान, मेरे लिए यह सीजन आत्ममंथन और नेतृत्व क्षमता को परखने का मौका रहा।”

नई रणनीति, नया जोश

भले ही इस बार सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स की ट्रॉफी से दूरी रह गई, लेकिन कप्तान के आत्मविश्वास और टीम के जुनून से यह साफ है कि अगला सीजन पूरी तरह से नया चेहरा लेकर आएगा।

प्रियंका का संदेश साफ है —

“हम पीछे नहीं हटेंगे, बल्कि मजबूत वापसी करेंगे।”

सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने इस सीजन में अपने खेल से भले ही अंकतालिका में शीर्ष स्थान न पाया हो, लेकिन उनकी प्रतिबद्धता, खेल भावना और संघर्ष ने दर्शकों और प्रशंसकों को जरूर प्रभावित किया है।


Vision Live News- / स्पोर्ट डेस्क

Leave a Reply

Translate »