गौतमबुद्बनगर भाजपा में अब तक के सबसे युवा जिला अध्यक्ष के रूप में जाने जाएंगे

मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी” / गौतमबुद्धनगर
अभिषेक शर्मा के रूप में गौतमबुद्धनगर भाजपा को सबसे युवा जिला अध्यक्ष मिला है। गौतमबुद्धनगर भाजपा के इतिहास में शिव ओम शर्मा और श्री चंद्र शर्मा के बाद अभिषेक शर्मा अब ब्राह्मण बिरादरी से जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री व गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ महेश शर्मा का खेमा खासा उत्साहित है। भाजपा गौतमबुद्बनगर जिला अध्यक्ष की बात करें तो यहां प्रणीत भाटी, रकम सिंह भाटी, सत्येंद्र सिसोदिया, हरीश ठाकुर, विजय भाटी, गजेंद्र मावी गैर ब्राह्मण बिरादरी से रहे हैं। भाजपा के नए जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री / गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा के बेहद करीबी हैं। डॉ महेश शर्मा, विजय भाटी के बाद ही अभिषेक शर्मा को गौतमबुद्धनगर का जिला अध्यक्ष बनाए जाने की जुगत में लग गए थे। उसे समय भी तीन ही नाम गए थे, लेकिन बाजी सत्येंद्र सिसोदिया के हाथ लगी थी। सत्येंद्र सिसोदिया अपने चहते गजेंद्र मावी को जिला अध्यक्ष बनवाने में कामयाब हो गए थे। इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने ऐसी बाजी खेली कि सबको चित कर दिया और अपने वफादार अभिषेक शर्मा को जिला अध्यक्ष बनवा गए।

भाजपा के अंतरंग सूत्रों की माने तो पूर्व केंद्रीय मंत्री व गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ,राष्ट्रीय नेतृत्व बीएल संतोष के दरबार में कई दिन से डेरा डाले हुए थे। डॉ महेश शर्मा ने अपने सभी से सिपाहसालारों को आदेशित कर दिया था कि जैसे ही इशारा दिया जाए तब तत्काल ही तिलपता गोलचक्कर स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पहुंच जाए और वहां घोषणा हो जाएगी। हुआ भी ऐसा ही भाजपा के जिला प्रभारी और पर्यवेक्षक के साथ राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, श्री चंद शर्मा और नरेंद्र भाटी समेत सभी जनप्रतिनिधियों को भाजपा जिला कार्यालय पर घोषणा के समय उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था जिसमें डॉक्टर महेश शर्मा को भी पहुंचना था। लेकिन डॉक्टर महेश शर्मा तय वक्त तक भी नहीं पहुंचे।

तब लोगों को एतबार हो गया था कि पटकथा लिख दी गई है घोषणा डॉक्टर महेश शर्मा के सिपाहसालार अभिषेक शर्मा की ही होगी। हुआ भी यही कि उत्तर प्रदेश के कई जिला अध्यक्षों की घोषणा के बाद बुलंदशहर ,आगरा का नाम आया। इसी बीच डॉक्टर महेश शर्मा ने अपने खेमे के लोगों को आदेशित किया कि साकीपुर स्थित फार्म हाउस से तत्काल भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। बड़ी संख्या में लोग भाजपा स्थित जिला कार्यालय पर पहुंचे, जहां सबसे पहले नोएडा महानगर अध्यक्ष के तौर पर महेश चौहान का नाम लखनऊ दरबार से घोषित किया गया और फिर गौतम बुद्ध नगर जिला अध्यक्ष के तौर पर अभिषेक शर्मा के नाम की घोषणा हुई।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा भाजपा स्थित जिला कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मौजूद भी नहीं थे कि उनके सिपाहसालारों अभिषेक शर्मा और महेश चौहान के अध्यक्ष की घोषणा होते ही पटाखों की आवाज से जिला कार्यालय गूंज उठा और जमकर नारे लगाए गए। इसके बाद औपचारिक रूप से भाजपा ज़िला कार्यालय तिलपता गोलचक्कर पर संगठन महापर्व अभियान कार्यक्रम पर एक बैठक का आयोजन (ज़िलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर व नोएडा महानगर की घोषणा ) भाजपा ज़िला कार्यालय पर किया गया। बैठक का संचालन ज़िला महामंत्री योगेश चौधरी ने किया। बैठक की अध्यक्षता निर्वतमान अध्यक्ष गजेन्द्र मावी ने की। बैठक में मुख्यातिथि राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर, पूर्व सांसद मेरठ व पर्यवेक्षक राजेन्द्र अग्रवाल व ज़िला चुनाव अधिकारी व एमएलसी विजय शिवहरे, दादरी विधायक तेजपाल नागर , ज़ेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। भाजपा राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज कुछ ज़िलों को छोड़ कर प्रदेश में जिलाध्यक्षों की घोषणा हुई है जिसमे गौतमबुद्धनगर से पूर्व में ज़िला मंत्री व युवा मोर्चा में ज़िला महामंत्री रहे अभिषेक शर्मा को जिलाध्यक्ष व नोएडा महानगर से महेश चौंहान महानगर अध्यक्ष बनाये गये है।

इस अवसर पर मुख्यरूप से ज़िला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, आशीष वत्स, नगरपालिका अध्यक्ष गीता पंडित, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी ,ज़िला महामंत्री दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, धर्मेन्द्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र नागर, पवन रावल, पवन नागर ,दीपक नागर, सतेन्द्र अवाना, सेवानन्द शर्मा, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य ,संजय बाली ,अर्पित तिवारी, राज नागर ,पंकज रावल, सत्यपाल शर्मा, बिरेन्द्र भाटी, गोविंद चौधरी ,राहुल पंडित, ब्रजपाल राठी, नरेश शर्मा, गुरुदेव भाटी, जितेंद्र भाटी, मनोज प्रधान ,अजीत मुखिया आदि पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

अभिषेक शर्मा का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से रहा है, गहरा नाता
नाम–अभिषेक शर्मा
जन्म तिथि- 27. Aug.1984
शिक्षा– एलएलबी
व्यवसाय–लॉ कंसल्टिंग फर्म
गौतमबुद्बनगर के नए भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के अतीत पर गौर करें तो पता चलता है कि इनके दादा स्वर्गीय डॉक्टर ओम प्रकाश शर्मा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संघचालक रहे । जब कि पिता श्री डॉक्टर राजेश्वर दत्त शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दादरी नगर के संघ चालक रहे । अभिषेक शर्मा ने दादा जी से प्रेरणा लेकर 1998 में आरएसएस की प्राथमिक शिक्षा आईटीसी वर्ग का प्रशिक्षण प्राप्त किया । ये बाल्यकाल से ही स्वयंसेवक रहे । इन्होंने विद्यार्थी जीवन में एबीवीपी के साथ काम किया । वर्ष 2002 -2006 ABVP में जिला प्रमुख, विभाग प्रमुख, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य किया । वर्ष 2006 में जिला मंत्री भाजपा युवा मोर्चा के रूप में कार्य किया ।

वर्ष 2008 में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा युवा मोर्चा एवं वर्ष 2011 में जिला मंत्री भाजपा गौतमबुद्धनगर के रूप में भाजपा को बूथ स्तर पर मज़बूत करने का कार्य किया । वर्ष 2012 के विधान सभा चुनाव , वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव,वर्ष 2017 विधान सभा चुनाव, वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव , वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव और वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में बढ़ चढ़कर सहभागिता की एवं पार्टी के अभियानों एवं कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी रही । अभिषेक शर्मा हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषा में निपुण है और इन्होंने Dist Court सूरजपुर में प्रैक्टिस भी की है।