कारागार से कृषि मॉडल तक: जिला कारागार गौतमबुद्धनगर ने रचा इतिहास

🔴 SPECIAL NEWS STORY | कारागार से कृषि मॉडल तक: जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर ने रचा इतिहास
मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/ गौतमबुद्धनगर 
आमतौर पर कारागारों को केवल दंड व्यवस्था से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर ने इस धारणा को तोड़ते हुए सुधार, स्वावलंबन और पुनर्वास का एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किया है। 09 फरवरी 2026 को जनभवन, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और कुल 08 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए।
माननीय कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान एवं महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश श्री पी.सी. मीणा (आईपीएस) के कुशल निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों ने प्रतिभाग किया, लेकिन 21.50 एकड़ कृषि भूमि में उन्नत तकनीकों से की गई खेती ने जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर को सबसे अलग पहचान दिलाई।
🌱 आधुनिक कृषि से बदली कारागार की तस्वीर
कारागार परिसर में की गई वैज्ञानिक खेती, बेहतर बुवाई और मशरूम उत्पादन ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। परिणामस्वरूप गाजर और चुकन्दर में प्रथम, आलू और बैंगन में द्वितीय, जबकि कद्दू, मूली, सलाद और प्याज-मशरूम में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
🏆 राज्यपाल के हाथों मिला ‘चल वैजयंती’ सम्मान
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए कारागार अधीक्षक श्री बृजेश कुमार को महामहिम राज्यपाल महोदया द्वारा “चल वैजयंती” प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त माननीय कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान ने बापू भवन स्थित अपने कार्यालय में अधीक्षक को विशेष रूप से सम्मानित किया।
👥 बंदियों के पुनर्वास की मजबूत पहल
यह सफलता केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कारागार के भीतर बंदियों को कृषि कौशल, श्रम अनुशासन और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत कदम है। महानिदेशक कारागार श्री पी.सी. मीणा (आईपीएस) ने इसे सुधारात्मक कारागार प्रशासन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए टीम की सराहना की।


सम्मान के हकदार
इस अपूर्व सफलता के लिए जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर के समस्त अधिकारी, कर्मचारी और बंदीगण बधाई और प्रशंसा के पात्र हैं। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य कारागारों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत मॉडल बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Translate »