ग्रेटर नोएडा में ताबडतोड बुल्डोजर एक्शन

🚨 ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉलोनियों पर बुल्डोजर एक्शन

   मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी” / ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और गैरकानूनी कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार दूसरे दिन बड़ी बुल्डोजर कार्रवाई की है। भनौता और रोहिल्लापुर में की गई इन कार्रवाइयों के जरिए प्राधिकरण ने साफ संदेश दे दिया है कि अधिसूचित क्षेत्र और डूब क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


भनौता में 10 हजार वर्ग मीटर अवैध निर्माण ध्वस्त
बुधवार को अधिसूचित ग्राम भनौता के खसरा संख्या 135 में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने बुल्डोजर चलाकर करीब 10,000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
इस जमीन की कीमत करीब 20 करोड़ रुपए आंकी गई है। यहां कालोनाइजर बाउंड्री कर प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे।
यह कार्रवाई सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-2 द्वारा प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में की गई। मौके पर पूरे अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया और दोबारा निर्माण पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।


रोहिल्लापुर के डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
इसके बाद बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर के हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में प्राधिकरण का बुल्डोजर चला। खसरा संख्या 22 और 33 की करीब 18,000 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने की कोशिश की जा रही थी।
यह इलाका पूरी तरह डूब क्षेत्र में आता है, इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर प्लॉटिंग की जा रही थी।
प्राधिकरण के परियोजना और भूलेख विभाग, वर्क सर्किल-3 की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई में पूरे अवैध निर्माण को जमींदोज़ कर दिया।


प्राधिकरण की सख्त चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने दो टूक कहा है कि—
“अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध है। ऐसे निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।”
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में उनकी गाढ़ी कमाई न फंसे।
15 दिन में 5 बड़ी कार्रवाई, कॉलोनाइजरों में हड़कंप
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बीते 15 दिनों में अवैध निर्माण के खिलाफ 5 बड़ी कार्रवाइयां की हैं—
20 जनवरी: भनौता में 11,340 वर्ग मीटर जमीन मुक्त
28 जनवरी: हैबतपुर में 6,000 वर्ग मीटर जमीन मुक्त
29 जनवरी: खेड़ा चौगानपुर में 8 रिहायशी टॉवरों के 100 से अधिक फ्लैट सील
04 फरवरी: भनौता में 10,000 वर्ग मीटर अवैध निर्माण ध्वस्त
05 फरवरी: रोहिल्लापुर में 18,000 वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण से मुक्त
अब तक कुल 45,000 वर्ग मीटर से अधिक सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा चुका है।
दोबारा निर्माण पर FIR तय
प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही कार्रवाई की गई है और दोबारा निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई व एफआईआर दर्ज की जाएगी।


🔴 “विजन लाइव” का विश्लेषण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के लगातार बुल्डोजर एक्शन से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Translate »