
मौहम्मद इल्यास- “दनकौरी”/गौतमबुद्धनगर
ग्रेटर नोएडा में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक रेड कारपेट होटल में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक से पहले धर्मपाल सिंह का गलगोटिया कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर जिला और मंडल इकाई ने भव्य स्वागत किया।
बैठक में पश्चिम क्षेत्र के 19 जिलों के प्रभारी, अध्यक्ष और क्षेत्रीय पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसमें बुलंदशहर, ग़ाज़ियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, शामली, मुज़फ्फरनगर, नोएडा महानगर, सम्भल, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर समेत सभी ज़िलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

अपने संबोधन में धर्मपाल सिंह ने कहा,
“भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है। पार्टी का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है, और बूथ स्तर पर सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।”

बैठक में तय किया गया कि आगामी चुनावों के लिए बूथ समितियों को और सक्रिय किया जाएगा, जनसंपर्क अभियानों को गाँव-गाँव तक पहुँचाया जाएगा और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर नागरिक तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस मौके पर पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष कान्ता कर्दम, प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाना और आगामी कार्यक्रमों व अभियानों को गति देने की रणनीति तय करना रहा। समापन पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।