समाधान महिला सशक्तिकरण:- कामगार महिलाओं के मध्य विधिक साक्षरता एवं जागरूकता

विधान से समाधान महिला सशक्तिकरण विषय पर  ब्लॉक दादरी में स्थित सभा कक्ष के प्रांगण में कामगार महिलाओं के मध्य विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का किया गया

Vision Live/Gautambudha Nagar

उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के तत्वाधान में तथा माननीय जनपद न्यायाधीश अवनीश सक्सेना के दिशा-निर्देशन में एवं अपर जिला जज/ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतम बुद्ध नगर ऋचा उपाध्याय की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण के संबंध में महिलाओं से संबंधित विभिन्न विधि विषयों पर महिलाओं को जागरुक करने के उद्देश्य से आज शिविर का आयोजन ब्लॉक दादरी गौतमबुद्वनगर में आयोजित किया गया है। आयोजित शिविर में अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऋचा उपाध्याय द्वारा महिलाओं को महिला सशक्तिकरण विषय पर उनके मौलिक अधिकारों तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न विधियों एवं नालसा द्वारा संचालित योजनाओं एवं महिला हेल्पलाईन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी।

रिर्सोस पर्सन वरिष्ठ अधिवक्ता किशन लाल पाराशर व नरेश चन्द गुप्ता द्वारा शिविर में महिलाओं के हित संरक्षण हेतु कानून जैसे दहेज प्रतितोष कानून 1961, बच्चों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम 2013, श्रम अधिनियम कानून, भारतीय दण्ड संहिता 1860, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, दण्ड प्रक्रिया संहिता, महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, महिलाओं का कार्यस्थल पर यौन शोषण (निवारण प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013, महिलाओं के प्रजनन एवं स्वास्थ्य संबंधी अधिकार, बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, गिरफ्तारी एवं पूर्व गिरफ्तारी के समय एवं उसके बाद महिलाओं के अधिकार, पोक्सो अधिनियम आदि के बारे में शिविर में उपस्थित महिलाओं को जानकारी दी गयी। इसके साथ ही शिविर में उपस्थित महिला चिकित्सक गुरप्रीत सेठी द्वारा सर्वाइकल कैंसर आदि विषयों के संबंध में महिलाओं को जागरूक किया गया तथा सर्वाइकल कैंसर के कारण बचाव एवं उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्वनगर ऋचा उपाध्याय के साथ तहसीलदार दादरी ओम प्रकाश पासवान व विधि परिवीक्षा अधिकारी जितेन्द्र मौर्य तथा कार्यक्रम में दादरी विधिक सेवा केन्द्र पर नामित समस्त पी0एल0वी0 उपस्थित हुये तथा उक्त कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सखी समूह व स्थानीय कामगार लगभग 60 महिलाएं उपस्थित रही। महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु आयोजित उक्त कार्यक्रम में कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं के मध्य महिलाओं के कानूनी अधिकार से संबंधित सामग्री पंपलेट, नोटपेड पेन फोल्डर से सम्बन्धित किट सामग्री वितरण की गई तथा महिलाओं के कानून हित एवं संरक्षण के संबंध में प्रोजेक्टर के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया तथा कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के मध्य सूक्ष्म जलपान पैकेट भी वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate

can't copy

×